March 14, 2022

मुख्य परीक्षा अभ्यास प्रश्न -76

प्रश्न-1956 मे स्वेज संकट को पैदा करने वाली घटनाएँ क्या थीं? उसने एक विश्व शक्ति के रूप में ब्रिटेन की आत्मछवि पर किस प्रकार अंतिम प्रहार किया?

उत्तरः स्वेज नहर संकट शीतयुद्ध का अपरिहार्य परिणाम था तथा इसने विश्व राजनीति के समीकरण को बदल दिया। शीतयुद्ध के मध्य समाजवादी देशों की ओर मिस्र के झुकाव ने ब्रिटेन तथा यूएसए को चिंतत कर दिया था। अतः मिस्र को पश्चिमी गुट की ओर आकर्षित करने के लिए ब्रिटेन और अमेरिका ने आसवान बांध के निर्माण के लिए मिस्र को् आर्थिक सहायता देने का वादा किया किंतु आगे मिस्र की गतिविधियों से असंतुष्ट होने के कारण इस सहायता को रोक लिया गया। 

बदले में, अतिरिक्त संसाधन जुटाने के लिये कर्नल नासिर ने स्वेज नहर का राष्ट्रीयकरण कर दिया। फलतः ब्रिटेन ने फ्रांस तथा इजराइल के साथ मिलकर मिस्र पर आक्रमण कर दिया। इसे स्वेज नहर संकट के नाम से जाना गया।

इस घटना से ब्रिटेन की शक्ति और प्रतिष्ठा को धक्का लगा। वैसे तो द्वितीय विश्व युद्ध के बाद ही आर्थिक और राजनीतिक शक्ति के रूप में ब्रिटेन का कद छोटा होने लगा था क्योंकि उसने भारत समेत एशिया के कई महत्वपूर्ण उपनिवेशों को खो दिया था किंतु अब स्वेज नहर संकट ने पश्चिम एशिया से भी उसके प्रस्थान को आवश्यम्भावी बना दिया। पश्चिम एशिया में ब्रिटिश के प्रस्थान से जो एक राजनीतिक शून्य की स्थिति उत्पन्न हो गई थी उसे संयुक्त राज्य अमेरिका ने भर दिया। इस रूप में हम इस घटना को ब्रिटेन की आत्मछवि पर अंतिम प्रहार मान सकते हैं।